छात्रा का शव यमुना नदी से बरामद, हत्या का शक
– दो दिन से लापता थी छात्रा, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
बांदा। घर से कालेज जाने के लिए निकली छात्रा अपने घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। बुधवार को छात्रा का शव यमुना नदी के पानी में उताराता मिला। ग्रामीणों की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया। खबर पाकर परिजन भी पहुंच गए और शव देखकर बिलख पड़े। परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या मान रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव निवासी श्वेता त्रिपाठी (19) पुत्री अवधेश त्रिपाठी तिंदवारी में ही बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह दो दिन पहले घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी। जब शाम तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका पता नहीं चला। घरवालों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह उसका शव बेंदाधाट के यमुना नदी पुल से करीब पांच किमी दूर बालू खदान किनारे पानी में उतरा रहा था। मामले की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को बाहर निकाला था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पिता ने उसकी शिनाख्त की। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था। उसकी आंख और जुबान बाहर निकली हुई थी। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, कुरसेजा चौकी प्रभारी केडी त्रिपाठी, बेंदा चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष का कहना है कि मृतका के पिता ने तहरीर दी थी कि उसकी बेटी ने नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दो चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
