यूपी की खबरों के लिये पढते रहिये यूपी ताजा न्‍यूज

महोबा जिला अस्पताल में देर रात इमरजेंसी वार्ड के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही तेज धमाका हुआ और पूरे अस्पताल परिसर में काला धुआं फैल गया, जिससे मरीजों के तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। इमरजेंसी वार्ड के पास स्थित ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शी और प्राइवेट एंबुलेंस संचालक अनूप शर्मा के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और करीब 30 मिनट तक ट्रांसफार्मर से लपटें उठती रहीं।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर न तो दमकल विभाग पहुंचा और न ही बिजली विभाग की टीम। इसी बीच अस्पताल के एक कर्मचारी ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

यूपी की खबरों के लिये पढते रहिये यूपी ताजा न्‍यूज