हमीरपुर की बेटी संध्या सिंह बनीं ग्लोबल CEO, अब बुंदेलखंड में करेंगी बड़ा निवेश — युवाओं को मिलेगा रोजगारहमीरपुर जिले के कारीमाटी गांव की रहने वाली संध्या सिंह ने विदेश में सफलता का परचम लहराकर जिले का नाम रोशन किया है। सिंगापुर में एक केमिकल फैक्ट्री की CEO बनने के बाद अब उन्होंने अपने वतन लौटकर बुंदेलखंड के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया है।
करीब 10 वर्षों तक सिंगापुर में एजुकेशन सिस्टम पर काम करने के बाद उन्होंने डिप्लोमा हासिल किया और अपने पति इंजीनियर गजेंद्र सिंह के साथ उद्योग क्षेत्र में कदम रखा। मेहनत और लगन के बल पर आज वह एक सफल उद्यमी के रूप में स्थापित हैं।
अब संध्या सिंह हमीरपुर, बांदा और उन्नाव में निवेश की बड़ी योजना पर काम कर रही हैं। हमीरपुर में बेतवा पुल के पास सात मंजिला फाइव स्टार होटल का निर्माण तेजी से जारी है। वहीं उन्नाव में दवा फैक्ट्री के लिए जमीन खरीदी जा चुकी है और बांदा में भी उद्योग लगाने की तैयारी है।
संध्या सिंह का कहना है कि विदेश में सफलता और संपत्ति मिलने के बावजूद उनका दिल हमेशा अपने देश के लिए धड़कता रहा। अब उनका लक्ष्य है कि बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और क्षेत्र का समग्र विकास हो सके।
