हमीरपुर नगर पालिका की नामित सभासद और भाजपा नेता नीलम बाजपेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह इतने बड़े पद का दायित्व निभाने में स्वयं को सक्षम नहीं महसूस कर रही हैं, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ने का निर्णय लिया है।
नीलम बाजपेई ने अपने संदेश में सभी समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया। बता दें कि पातालेश्वर मोहल्ला निवासी नीलम बाजपेई पिछले करीब 26 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
उन्हें हाल ही में 14 मार्च को नगर पालिका का नामित सभासद बनाया गया था, लेकिन महज कुछ दिनों के भीतर ही उन्होंने पद से त्यागपत्र देकर सभी को चौंका दिया है। उनके इस फैसले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

